सीधी। रामपुर नैकिन थाना के पुलिस चौकी पिपरांव अन्तर्गत ग्राम पंचायत पटना में बाण सागर नहर के किनारे आज दोपहर करीब 3 बजे बस के अनियंत्रित होकर पलटने से उसमें सवार दर्जन भर यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मची चीख पुकार सुनकर आसपास के रहवाशियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने की व्यवस्था की। हादसे की सूचना पाते ही पिपरांव चौकी प्रभारी पवन कुमार भी अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल यात्रियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रामपुर नैकिन भेजने की व्यवस्था की। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। हादसे के वक्त बस में करीब तीन दर्जन यात्री सवार थे। यात्रियों का कहना था कि चालक द्वारा तेज रफ़्तार में लापरवाही पूर्वक बस चलाने से यह हादसा घटित हुआ। बताया गया है कि हादसे के दौरान नारायण ट्रेवल्स बस क्रमांक एमपी-19, पी-0961 सीधी से रामनगर बाया अमरपाटन की ओर जा रही थी। चालक द्वारा आरंभ से ही बस को काफी लापरवाही पूर्वक चलाया जा रहा था। कई यात्रियों द्वारा इस पर आपत्ति भी जताई गई थी। लेकिन चालक अपनी मनमानी पर पूरी तरह से उतारू था।
