परिश्रम की पराकाष्ठा, टीम भावना से युक्त, उत्प्रेरक की तरह कार्य करते हुए जिले की सभी विधानसभा जीतने के लिए हो कटिबद्ध -- संगठन महामंत्री हितानंद

परिश्रम की पराकाष्ठा, टीम भावना से युक्त, उत्प्रेरक की तरह कार्य करते हुए जिले की सभी विधानसभा जीतने के लिए हो कटिबद्ध -- संगठन महामंत्री हितानंद

विधानसभा की संचालन समितियों की बैठक संपन्न


समय सवेरा न्यूज, सीधी। आगामी दिनों में संपन्न होने जा रहे विधानसभा चुनाव को परिश्रम की पराकाष्ठा करते हुए, टीम भावना से युक्त, उत्प्रेरक की तरह कार्य करते हुए जिले की चारों विधानसभा जीतने की योजना रचना करते हुए कटिबद्ध हो पदाधिकारी और कार्यकर्ता ।

उक्त आशय के विचार भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने जिले की चारों विधानसभाओं सीधी,  सिहावल, चुरहट और धौहनी की संचालन समितियों को संबोधित करते हुए स्थानीय सर्किट हाउस में भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के विभिन्न सत्रों के दौरान कहीं।

विधानसभा की महत्वपूर्ण संचालन समिति की बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं चुरहट विधायक शरदेन्दु तिवारी, भाजपा प्रदेश मंत्री एवं जिला संगठन प्रभारी राजेश पाण्डेय,  लोकसभा संसदीय क्षेत्र की सांसद श्रीमती रीती पाठक, पूर्व मंत्री और रींवा विधायक राजेन्द्र शुक्ला, सीधी विधायक पंडित केदारनाथ शुक्ला, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य डॉ राजेश मिश्रा, इंद्र शरण सिंह चौहान, प्रदेश कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्य और सिहावल विस्तारक राजेंद्र पाण्डेय, पूर्व जिलाध्यक्ष के के तिवारी, सिहावल के पूर्व विधायक विश्वामित्र पाठक प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

कार्यकर्ताओं को विधानसभा की विभिन्न संचालन समितियों को संबोधित करते हुए चुनाव जीतने के हुनर का पाठ प्रदेश महामंत्री श्री शर्मा ने बखूबी सिखाया। चुनाव जीतने के लिए करणीय कार्यों को लेखनीबद्ध भी कराया। इस दौरान बूथ जीता, चुनाव जीता। मेरा बूथ, सबसे मजबूत के पीछे छुपी मूल भावना को विस्तार से कहानियों एवं प्रेरक प्रसंग के माध्यम से समझाया। इस दौरान चुनाव संचालन समिति के सदस्यों में अच्छा खासा उत्साह, जोश और हर्ष का वातावरण देखा गया। बैठक के पश्चात कार्यकर्ताओं से  अनौपचारिक चर्चा भी प्रदेश संगठन महामंत्री श्री शर्मा ने की।

इसके पूर्व प्रदेश और केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं और उनका पार्टी के लिए उपयोग को भी समझाया। प्रदेश संगठन महामंत्री श्री शर्मा ने कहा कि आज हमारे पास प्रदेश में 38 लाख से अधिक पदाधिकारियों की टोली है। जो बूथ हम हारे हैं उनको चिन्हित करके जीतने के लिए योजना रचना करें। जनप्रतिनिधियों सांसद, विधायक और पार्टी के जिला पदाधिकारियों का प्रवास शक्ति केंद्रों तक हो, इसकी योजना भी अत्यंत आवश्यक है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की चर्चा भी प्रदेश संगठन महामंत्री श्री शर्मा ने विस्तार से की।

भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने स्वागत भाषण करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री का अभिनंदन किया और जिले की संगठनात्मक स्थिति से भी अवगत कराया। कार्यक्रमों का संचालन विधानसभा के संयोजकों ने किया। बैठक में विधानसभा की संचालन समिति, जिला पदाधिकारी, मोर्चा के जिला अध्यक्ष, मंडलों के अध्यक्ष एवं अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।


All Rights Reserved To "Samay Savera" © Copyright Protected 2013 - 2024