सीधी। चुरहट विधानसभा क्षेत्र मे भाजपा के नेता ग्राम पंचायतों को प्रदेश सरकार से मिले बजट से अपनी राजनीति चमका रहे हैं। उक्त आरोप लगाते हुए चुरहट विधानसभा क्षेत्र के आप नेता अनेन्द्र मिश्रा राजन ने जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।
उन्होने बताया कि भाजपा विधायक के द्वारा चलाई गई शिव शक्ति पदयात्रा के दौरान ग्राम पंचायतों के बजट से पूरी यात्रा की व्यवस्था प्रशासनिक दबाव डलवाकर सरपंच-सचिवों से कराई गई। जिसमें ग्राम पंचायतों के द्वारा 70 हजार से 1 लाख रुपए तक व्यय किए गए। उसके बाद विधायक गांव-गांव में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान का कार्यक्रम आयोजित किया।
जिसमें भी 15वें वित्त से प्रत्येक ग्राम पंचायतों में लाखों रुपए व्यय किए गए। जैसे ही पंचायतों खातों में 15वें वित्त की द्वितीय किस्त पहुंचे वैसे ही चुरहट विधायक ने लाड़ली बहना योजना का स्वीकृति पत्र बांटने के लिए पंचायत वार कार्यक्रम आयोजित करने लगे। जिसकी संपूर्ण व्यवस्था ग्राम पंचायतों के जिम्मे सौंप दी गई। पंचायत चुनाव के बाद ग्राम पंचायतों में गांव का कोई विकास कार्य नहीं कर पाए।
जो राशि शासन से गांव के विकास कार्यों के लिए मिली थी वह विधायक के आवभगत व कार्यक्रम में व्यय हो गई। श्री मिश्रा ने कहा कि जनपद पंचायत के सीईओ द्वारा सरपंच-सचिवों को पत्र लिखकर विधायक के कार्यक्रमों की संपूर्ण व्यवस्था करनें के लिए निर्देशित किया जाता है। जो पंचायत सचिव व रोजगार सहायक उक्त निर्देशों का पालन नहीं करते तो उनके विरुद्ध कार्यवाई कर दी जाती है।
जबरन कार्यवाई के डर से सचिव एवं रोजगार सहायक मजबूर होकर विधायक के कार्यक्रम की पूरी व्यवस्था करते हैं। ग्राम पंचायतों को जब 15वें वित्त से काम करना होता है तो जनपद सीईओ, उपयंत्री एसडीओ, टाइट-अनटाइड का फार्मूला बताकर व्यवधान पैदा करते हैं।
किंतु विधायक की व्यवस्था में व्यय की गई राशि में टाइट एवं अनटाइड का फार्मूला नहीं लागू किया जाता। श्री मिश्रा ने आरोप लगाते हुए कहा कि चुरहट विधायक भय का वातावरण पैदा कर गांव के विकास के लिए आई राशि का अपने कार्यक्रमों में व्यय कराकर राजनीति चमका रहे हैं।
