सीधी के पिपरांव चौकी अंतर्गत हुआ बड़ा हादसा,दो की दर्दनाक मौत एक की इलाज के समय हुयी मौत ।

sidhi accident
रामपुर नैकिन थाना के पुलिस चौकी पिपरांव अन्तर्गत बुढग़ौना में रविवार की रात सडक़ के किनारे खड़े ट्रक में पीछे से बाईक सवारों के भिड़ जाने से दो लोगों की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि तीसरे ने अस्पताल में उपचार शुरू होने से पहले ही दम तोड़ दिया। बताया गया है कि हादसे के दौरान बाईक सवार शराब के नशे में धुत थे। मिली जानकारी के अनुसार रविवार की रात तकरीबन 9:30 बजे तीन युवक बाइक पर सवार होकर अपने घर जा रहे थे। तभी रास्ते में सडक़ के किनारे खड़े ट्रक क्रमांक एमपी 17 सी 5748 के पीछे बाइक सवार तीनों युवक स्पीड में जा घुसे। जिससे घटनास्थल पर ही दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं एक घायल व्यक्ति को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी भी मौत हो गई। ये घटना ग्राम बुढग़़ौना चौकी पिपरांव थाना रामपुर नैकिन की बताई जा रही है। बताया गया कि हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों द्वारा घटना की जानकारी पिपरांव चौकी प्रभारी पवन सिंह को दी गई। चौकी प्रभारी ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया लेकिन उसको नहीं बचाया जा सका। मृतकों में राजेन्द्र कोल पिता महिपाल 30 वर्ष, रामपाल कोल पिता राम भान 33 वर्ष, वीरेंद्र कोल पिता सुबकरण 30 वर्ष शामिल है। ग्रामीणों की मानें तो सभी मृतक एक ही गांव के हैं। चौकी पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर पीएम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पोस्ट मार्टम के बाद सभी के शव परिजनों को सुपुर्द कर दिए गए है।


All Rights Reserved To "Samay Savera" © Copyright Protected 2013 - 2024