सीधी। पुलिस चौकी मड़वास के पुलिस सहायता केन्द्र टिकरी अंतर्गत तेज रफ्तार में जा रही एक आटो के तिलखोहरा चढ़ाई के पास अनियंत्रित होकर पलट जाने से चालक समेत दो लोग घायल हो गये। जिसमें चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद 108 एम्बुलेंस से दोनो घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मिली जानकारी के अनुसार हादसे के दौरान आटो सीधी से भदौरा जा रही थी। शिकरा जंगल में तेज रफ्तार में जा रहा आटो अनियंत्रित होकर पहाड़ से टकराते हुए चढ़ाई में पलट गया। हादसे के दौरान चालक देवेन्द्र जायसवाल पिता कैलाश जायसवाल 30 वर्ष निवासी सोनाखांड़ आटो के नीचे दब गया। जिसे पास में ढाबा पर उपस्थित लोगों द्वारा निकाला गया। चालक के सिर में गंभीर चोटें आने से करीब 6 इंच तक सिर फट गया। वहीं अन्य जगह भी गंभीर चोट आई हैं। दुर्घटना के समय आटो में मौजूद शहर का कोटहा निवासी राजकुमार पटेल पिता रामजी पटेल 25 वर्ष भी घायल हो गया। वहां से गुजर रहे लोगों ने 100 डायल एवं एम्बुलेंस 108 को हादसे की सूचना दी। सूचना पाते ही पुलिस सहायता केन्द्र टिकरी का अमला भी मौके पर पहुंच गया। दोनो घायलों को 108 एम्बुलेंस से जिला चिकित्सालय सीधी भेजा गया। बताया गया है कि हादसे के वक्त काफी तेज रफ्तार से आटो भदौरा की ओर जा रहा था। पहाड़ी मार्ग में तेज रफ्तार में जा रहे आटो पर से चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और यह हादसा घटित हो गया। दोनो घायलों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती किया गया है। घायल चालक की हालत गंभीर बताई गई है।


