सोन नदी में डूबे युवक की मिली लाश ।।।

सीधी। अमिलिया थाना के पुलिस चौकी सिहावल अंतर्गत सोन नदी बघोर में डूबे युवक की आज दूसरे दिन सुबह रेस्क्यू टीम ने करीब 40 फिट गहरे पानी के नीचे पत्थर में फंसी लाश को निकाल लिया है। सोन नदी तट पर लोगों की भीड़ जमा थी। लाश बाहर आते ही परिजनों की चीख पुकार से समूचा क्षेत्र गूंजने लगा। पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिहावल में पोस्टमार्टम कार्यवाही के पश्चात लाश परिजनो को सौंप दिया। मिली जानकारी के अनुसार बघोर निवासी मृतक अक्षय कुमार उपाध्याय पिता देवशरण उपाध्याय 22 वर्ष रविवार की दोपहर करीब 3 बजे अपने दो साथियों के साथ सोन नदी बघोर में स्नान के लिये गया था। एक साथी के नदी में छलांग लगाने पर अक्षय कुमार ने भी छलांग लगा दिया जबकि उसको तैरना नहीं आता था। गहरे पानी में चले जाने के कारण वह डूबने लगा। साथ में मौजूद उसके दोनों साथी जब तक कुछ कर पाते अक्षयकुमार गहरे पानी में समा चुका था। इसके बाद दोनों साथियों ने आसपास के ग्रामीणों को मदद के लिये बुलाया। डूबे अक्षय का कोई सुराग न मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्चिंग का काम शुरू किया लेकिन रात हो जाने से उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। जिसके बाद सीधी से गोताखोर होमगार्ड जवानों को बुलाया गया। आज सुबह ही होमगार्ड जवान गहरे पानी में उतरे और सुबह करीब 7 बजे गहरे पानी में पत्थर के बीच में फंसी लाश को बाहर निकाल दिया। गोताखोरों के अनुसार जिस स्थान पर अक्षयकुमार डूबा हुआ था वहां करीब चालीस फिट गहरा पानी था।

All Rights Reserved To "Samay Savera" © Copyright Protected 2013 - 2024