स्टेट बैंक मुख्य शाखा से 7 लाख से भरे बैग को चोर ने उड़ाया


- बैंक की सुरक्षा व्यवस्था की कमी उजागर
- सीसीटीव्ही कैमरे केा खंगाल रही पुलिस
सीधी। शहर के स्टेट बैंक मुख्य शाखा से आज दोपहर ज्ञान ट्रेडर्स सीधी के दो कर्मचारियों का 7 लाख के नोटों से भरे बैग को अज्ञात चोर ने पार कर दिया है। बैग गायब होने की जानकारी मिलते ही संबंधितों ने जब काउंटर कैशियर से शिकायत की तो तत्काल बैंक प्रबंधन की ओर से सीसीटीव्ही कैमरे खंगाले गये। जिसमें एक युवक को बैग लेकर बाहर निकलने की जानकारी सामने आई। लाखों रूपये बैंक के अंदर से चोरी हाने की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और विवेचना में जुट गई। मिली जानकारी के मुताबिक ज्ञान ट्रेडर्स सीधी के कर्मचारी बृजेश कुमार तिवारी एवं अखिलेश कुमार पटेल आज दोपहर 12 बजे के आसपास स्टेट बैंक मुख्य शाखा सीधी पहुंचे। इनके द्वारा कंपनी के खाते से 9 लाख रूपये निकाले गये। जिसमें 2 लाख रूपये ज्ञान टायर के खाते में जमा कर दिया गया। शेष 7 लाख रूपये बैग में रखकर कर्मचारी बैंक के अंदर ही वाउचर भर रहे थे। अचानक कर्मचारियों की निगाह बगल में रखे गये बैग को तलाशने घूमी तो गायब था। बैग गायब होने की जानकारी मिलते ही दोनों कर्मचारियों ने बैंक के अंदर काफी तलाश किया लेकिन कोई सुराग नही मिला। तब इनके द्वारा तत्काल बैंक के कैशियर को इसकी जानकारी दी गई। बैंक कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुये सीसीटीव्ही फुटेज को खंगालना शरू किया तो एक युवक बैग लेकर भागते हुये दिखा। सिटी केातवाली पुलिस द्वारा ज्ञान ट्रेडर्स के कर्मचारियों की रिपोर्ट पर अज्ञात युवक के विरूद्ध मामला पंजीबद्ध करते हुये बैंक में लगे सभी सीसीटीव्ही कैमरों की फुटेज खंगालने का दौर काफी देर तक चलता रहा। बैग लेकर भागने वाले युवक की गिरफ्तारी के लिये पुलिस द्वारा दबिश कार्रवाई की जा रही है। उधर इस घटना के बाद एक बार फिर स्टेट बैंक मुख्य शाखा सीधी प्रबंधन की लापरवाही उजागर हुई है। बैंक के अंदर ही सुरक्षा इंतजाम किस तरह के हैं इसकी सच्चाई कई बार सामने आ चुकी है फिर भी प्रबंधन सुरक्षा को लेकर पूरी तरह से लापरवाह बना हुआ है।



बैंक परिसर में कई बार हो चुकी है वारदात ।
सबसे व्यस्त माने जाने वाले स्टेट बैंक मुख्य शाखा सीधी में रोजाना सैकड़ों की संख्या में ग्राहकों की आवाजाही होती है। बैंक का रोजाना का कारोबार भी कई करोड़ का है। फिर भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैंक परिसर में बड़ी लापरवाही बनी हुई है। इसी के चलते स्टेट बैंक शाखा में आने वाले ग्राहकों के साथ कई बार चोरी एवं लूट की वारदात हो चुकी है। घटना के बाद भी बैंक प्रबंधन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह से लापरवाह बना हुआ है। यहां आने वाले ग्राहक भगवान भरोसे ही रहते हैं। बैंक परिसर के साथ ही अंदर भी अराजक तत्वों की आवाजाही होने के कारण मौका देखकर अक्सर चोरी एवं लूट की वारदात को अंजाम देते हैं। कई बार तो बैंक से पैसे लेकर निकलने वाले लेागों का पीछा भी यहां सक्रिय गिरोह के सदस्यों द्वारा किया जाता है। बाद में मौका देखकर रास्ते में ही उन्हें लूट का शिकार बना लिया जाता है।



बैंक के अंदर गनमैन की लगती है ड्यूटी
स्टेट बैंक मुख्य शाखा के अंदर दो गनमैन की ड्यूटी हमेशा रहती है। दोनों गनमैन मुख्य गेट के समीप ही तैनात रहते हैं। लेकिन इनके द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रयास करने के बजाय कुर्सी पर ही बैठकर अपनी ड्यूटी बजाई जाती है। जबकि गनमैन केा बैंक परिसर के अंदर लगातार घूमते रहना चाहिए। साथ ही संदिग्ध लोगों को टोंकना भी चाहिए। बिना काम के ही बैंक के अंदर कुर्सियों पर कई लोग लंबे समय तक आराम फरमाते रहते हैं ऐसे लोगों को हटाने की जरूरत नहीं समझी जाती।
 



All Rights Reserved To "Samay Savera" © Copyright Protected 2013 - 2024