बेलगाम हाईवा की चपेट में आने से एक बाइक सवार की दर्दनाक मौत ।।

सीधी। बहरी थाना के समीप पोड़ी मार्ग में आज दोपहर करीब 1.30 बजे रेत लेने जा रहे बेलगाम हाईवा की चपेट में आने से एक बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बाइक में सवार दो लोग घायल हो गये। गंभीर रूप से एक घायल को जिला अस्पताल सीधी से रीवा रेफर कर दिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित भीड़ ने घटना स्थल के समीप चक्काजाम कर दिया जिससे सीधी-सिंगरौली मार्ग में यातायात बाधित हो गया।चक्काजाम की खबर मिलते ही मौके पर पुलिस लाइन से आधा सैकड़ा पुलिसकर्मी पहुंचे। आक्रोशित भीड़ का कहना था कि रेत परिवहन में लगे वाहन काफी तेज रफ्तार में चलते हैं। जिसके चलते बड़े सडक़ हादसे हो रहे हैं। रेत परिवहन में लगे वाहनों की रफ्तार पर कड़ाई से रोक लगाई जाय जिससे सडक़ हादसे थम सकें। डीएसपी एवं बहरी थाना प्रभारी अमृता दिवाकर एवं बहरी तहसीलदार सुरेशचन्द्र मिश्रा की समझाइस पर एक घंटे बाद चक्काजाम खत्म हुआ। दरअसल आज दोपहर करीब 1.30 बजे अमिलिया थानांतर्गत हिनौती निवासी अमित गोस्वामी पिता बाबूलाल गोस्वामी उम्र 24 वर्ष अपनी बाइक में सूरज गोस्वामी पिता अजीत गोस्वामी उम्र 19 वर्ष एवं अपने पिता बाबूलाल गोस्वामी 50 वर्ष के साथ बहरी चौराहा पार करने के बाद बायपास मार्ग की ओर जा रहा था। बायपास मार्ग में बाइक के पहुंचते ही तेज रफ्तार में आ रहे हाईवा क्र. एमपी 53 एच 2039 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के दौरान बाइक पूरी तरह से हाईवा के आगे के चक्कों के नीचे फंस गई। हादसे में बाइक सवार अमित गोस्वामी खून से लथपथ हो गया, वहीं सूरज गोस्वामी गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि बाबूलाल गोस्वामी को हल्की चोटें आई। प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा तीनों घायलों को जिला अस्पताल भेजने की व्यवस्था 100 डायल से की गई लेकिन अमित गोस्वामी ने अस्पताल पहुंचने से पूर्व ही दम तोड़ दिया। सूरज को गंभीर चोंटे होने की वजह से रीवा रेफर कर दिया गया है।
Bahri Sidhi Accident



All Rights Reserved To "Samay Savera" © Copyright Protected 2013 - 2024