शहर के एटीएमो में हुई लूट और तोड़फोड़ ।

सीधी शहर में बिना गार्डों के संचालित एटीएम बूथ भी बदमाशों के निशाने पर आ चुके हैं। अभी तक भोले भाले लोगों केा बहलाकर नगदी उड़ाने वाले बदमाश अब एटीएम बूथ से ही नगदी पार करने के प्रयास में जुट गये हैं। ऐसा ही मामला दरमयानी रात शहर के दो एटीएम बूथों का सामने आया है। दो बदमाशों द्वारा शहर के लालता चौक मे संचालित पंजाब नेशनल बैेंक एवं ऊंची हवेली अमहा के समीप स्थित यूनियन बैंक के एटीएम बूथों में तोडफ़ोडक़र नगदी उड़ाने का प्रयास किया। काफी प्रयासो के बाद भी नगदी उड़ाने में बदमाश सफल नही हुये तो उनके द्वारा बूथ में तोडफ़ोडक़र करीब डेढ़ लाख की सामग्री पार कर दी गई। चोरी की जानकारी आज सुबह एफएसएस कंपनी के एटीएम बूथों की देखरेख करने वाले कर्मचारी संजय सिंह पिता प्रदीप कुमार सिंह निवासी हिनौता को ऊंची हवेली के पास आने पर मिली। एटीएम बूथों के क्षतिग्रस्त होने पर जब पूंछतांछ की गई तो आसपास के लोगो ने बताया कि रात करीब 2.30 बजे अरविंद चौहान पिता भैयालाल सिंह निवासी पटेहरा एवं अभय सिंह पिता अनिल सिंह निवासी पुरानी सीधी द्वारा एटीएम बूथ में अंदर तोडफ़ोड़ की जा रही थी। यह जानकारी पाकर कंपनी कर्मचारी संजय सिंह ने सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर एटीएम बूथों में हुई चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में कहा गया है कि फूलमती मंदिर के सामने स्थित यूनियन बैंक के एटीएम के अंदर घुसकर रात्रि करीब 2.30 बजे अरविंद सिंह चौहान निवासी पटेहरा अपने साथी अभय सिंह के साथ मिलकर एटीएम का सेफ बाक्स खोलने का प्रयास किया गया। जब इसमें आरोपी सफल नही हुये तो एसएमजी लाक, ब्रेफ ओपन एक्टिविटी, कास्मैटिक डोर, सटर, एसे बल, सेफ लाक कवर चोरी कर ले गये। चोरी गये सामानो की कीमत करीब डेढ़ लाख रूपये है। आरोपियों द्वारा लालता चौक में संचालित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम बूथ से सीसीटीव्ही कैमरा चोरी कर लिया गया। आरोपियों के विरूद्ध सिटी कोतवाली थाना में धारा 457, 380 आईपीसी के तहत आपराधिक मामला पंजीबद्ध कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये कार्रवाई शुरू की गई। एटीएम बूथ के अंदर से आरोपियों के मिले सीसीटीव्ही फुटेज के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित दबिश कार्रवाई करते हुये दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। 
भगवान भरोसे एटीएम बूथों की सुरक्षा ।
जिले भर में संचालित एटीएम बूथों की सुरक्षा केा लेकर बड़ी लापरवाही बरती जा रही है। एसबीआई के अलावा अन्य बैकों के एटीएम बूथों में कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं किये गये हैं लिहाजा बिना गार्ड के संचालित एटीएम बूथों में सबसे ज्यादा धोखाधड़ी के मामले भी सामने आ रहे हैं। गार्ड के बिना संचालित एटीएम बूथ काफी समय से बदमाशों के निशाने पर हैं। यह अवश्य है कि दरमयानी रात बदमाशों का एटीएम से नगदी उड़ाने का प्रयास पूरी तरह विफल हो गया। यदि बाहरी बदमाश भी इसमें शामिल होते तो एटीएम से नगदी भी उड़ा ली जाती। इस मामले में बैंक प्रबंधन महज मीटिंगों में सुरक्षा के लिये किये जा रहे लंबे दावों तक ही अपनी सक्रियता प्रदर्शित कर रहा है। 

All Rights Reserved To "Samay Savera" © Copyright Protected 2013 - 2024