पुलिस अभिरक्षा में रात में रहे एक युवक की आज सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में बेर के पेड़ में फांसी के फंदे में मिली लाश ।

सीधी। पुलिस अभिरक्षा में रात में रहे एक युवक की आज सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में बेर के पेड़ में फांसी के फंदे में लाश लटकती मिली। यह खबर फैलते ही लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर बम्हनी चौकी पुलिस के साथ ही सेमरिया चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पंचनामा के दौरान मालुम पड़ा कि मृतक अमीरे प्रजापति पिता उदई प्रजापति 45 वर्ष निवासी पोंड़ी है। मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचने के बाद सेमरिया चौकी पुलिस पर मौत के घाट उतारने का आरोप लगाते हुये जमकर बवाल मचाना शुरू कर दिया। सुबह करीब 9 बजे से आक्रोशित परिजनों ने चक्काजाम भी शुरू कर दिया। चक्काजाम मिलने की सूचना पर पुलिस अधिकारियों के साथ ही मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष डा. राजेश मिश्रा एवं चुरहट विधायक शरदेन्दु तिवारी भी पहुंचे और परिजनों को आश्वासन दिया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जायेगी। जांच में दोषी मिलने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। जिसके बाद दोपहर करीब 12.30 बजे चक्काजाम आंदोलन खत्म हुआ और पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कार्रवाई के पश्चात लाश परिजनों को सौंपा गया। मीडिया से चर्चा के दौरान मृतक अमीरे प्रजापति की पत्नी ने बताया कि दोपहर करीब 4 बजे राशन न मिलने की रिपोर्ट करने पुलिस चौकी सेमरिया वह भी पति के साथ गई थी। पुलिस द्वारा उसे चौकी से घर जाने को कहा गया और पति को बैठा लिया गया और मारपीट शुरू कर दी गई। रात करीब 11 बजे जब वह पति के लिये घर से भोजन लेकर सेमरिया चौकी पहुंची तो वहां बताया गया कि उसके पति को छोड़ दिया गया है। काफी तलाश के बाद भी रात में जब पति का कोई पता नहीं चला तो उसने अपने नात रिश्तेदारों को भी फोन पर जानकारी दी। आज सुबह करीब 7 बजे उसे सूचना मिली कि बेर के पेड़ में उसका पति अमीरे प्रजापति फांसी के फंदे में मृत हालत में लटक रहा है। यह सूचना मिलते ही उसके परिजनों के साथ ही अन्य लोगों की भीड़ घटना स्थल पुलिस चौकी बम्हनी अंतर्गत कुबरी-झगरहा नदी के बीच जमा हो गई। परिजनों ने बताया कि अमीरे प्रजापति को सेमरिया पुलिस चौकी ने कस्टडी में लिया था। लेकिन किस कारण उसे पुलिस ने गिरफ्तार किया था यह अभी स्पष्ट नही हो पा रहा है। मृतक की पत्नी ने पत्रकारों को दिए अपने बयान में कहा है कि उसके पति को चौकी में ही पुलिस मार रही थी तब वह मौके पर थी और उसने रोकने की कोशिश भी किया लेकिन पुलिस वालों ने उसे घर जाने को कहा और वह घर चली आई। 
:::::::::::::::::
चार फिट ऊंचे पेड़ में लगा था फांसी का फंदा
पुलिस चौकी बम्हनी अंतर्गत कुबरी ग्राम में आज सुबह 4 फिट ऊंचे बेर के पेड़ पर लुग्गी से अमीरे का शव लटका देख हर कोई स्तब्ध रह गया। क्योकि जिस तरह से शव पेंड पर लटक रहा है उसे कोई आत्महत्या नही कहने को तैयार है। मृतक के दोनों घुटने जमीन में सिर्फ स्पर्श नही कर रहे बल्कि मुड़े हुए हैं। अब सवाल यह है कि अगर मृतक ने खुद गले मे फंदा डालकर झूला और उसका पैर जमीन पर टिक गया तो वह मृत कैसे हुआ। बहरहाल मामले की जांच की जा रही है। 
::::::::::::::::
प्रथम दृष्टिकोण यह मामला हत्या का लग रहा है। क्योंकि तीन फिट बेर के पेड़ में कोई भी व्यक्ति फांसी के फंदे में झूलकर आत्महत्या नहीं कर सकता। परिजनों से चर्चा के बाद भी यह स्पष्ट हो चुका है कि अमीरे प्रजापति राशन न मिलने की फरियाद लेकर पुलिस चौकी सेमरिया गया था जहां उसे न्याय मिलने के बजाय मौत की नींद सुला दी गई। पुलिसकर्मियों द्वारा हत्या के बाद अमीरे की लाश को कुछ दूर स्थित गजास नदी के दूसरे तरफ फांसी के फंदे में तौलिये से लटका दिया गया था। जिस हालत में लाश मिली है मृतक घुटने के बल बैठा हुआ था। ऐसे में उनकी मांग है कि न्यायिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कार्यवाही कराई जाय। पोस्टमार्टम कार्यवाही की वीडियोग्राफी भी हो। साथ ही निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके। इसके लिये सेमरिया चौकी पुलिस के मौजूद स्टाफ को तत्काल हटाया जाय और दोषियों पर धारा 302 के तहत मामला पंजीबद्ध किया जाय। 









All Rights Reserved To "Samay Savera" © Copyright Protected 2013 - 2024