बाइक की ठोकर से सायकल सवार होमगार्ड की मौत ।



- पटपरा पश्चिम तालाब मंदिर के समीप हुआ हादसा
सीधी। घर से भोजन के बाद रात में कमर्जी थाना में ड्यूटी पर आ रहे सायकल सवार होमगार्ड जवान को तेज रफ़्तार में लापरवाही पूर्वक बाइक चालक द्वारा ठोकर मारने से आई संघातिक चोटों के चलते घटना स्थल पर ही होमगार्ड जवान की दर्दनाक मौत हेा गई। हादसे के बाद 100 डायल द्वारा रक्त रंजित होमगार्ड जवान को रात में ही जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां परीक्षण के बाद डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कमर्जी थानान्तर्गत हिनौती क्र.2 निवासी राजेश कुमार पटेल के अनुसार उसके बड़े पापा बाल्मीक पटेल पिता रामगोपाल पटेल 48 वर्ष कमर्जी थाना में होमगार्ड सैनिक थे। शनिवार की रात घर से भोजन करने के बाद सायकल में कमर्जी थाना रात्रिकालीन ड्यूटी पर जा रहे थे। पटपरा पश्चिम तालाब मंदिर के पास रात करीब 9.30 बजे पटपरा तरफ से तेज रफ़्तार में जा रहे बाइक क्रमांक एमपी 53 एमडी 1483 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक सायकल को ठोकर मार दी। इस हादसे में सैनिक वाल्मीक पटेल गंभीर रूप से जख्मी हो गये थे। संघातिक चोटों के चलते उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी। हादसे के दौरान बाइक की रफ़्तार इतनी ज्यादा थी कि सायकल एवं बाइक दोनों काफी क्षतिग्रस्त हो गये। पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कार्रवाई के पश्चात पुलिस ने आज लाश परिजनो को सौंप दी है। 


All Rights Reserved To "Samay Savera" © Copyright Protected 2013 - 2024