सरपंच पत्नि की मौत पर जानिए क्या कहा पति ने ।

सीधी। मझौली थानांतर्गत सांसद आदर्श ग्राम करवाही की महिला सरपंच सावित्री साहू की आत्महत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक महिला सरपंच सावित्री साहू के पति का एक ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है, जिसमें सरपंच पति द्वारा कहा जा रहा है कि विगत दिनों जब कांग्रेस नेता लालचंद्र करवाही गांव में मीडिया के साथ आए तो सरपंच से उनकी मुलाकात नहीं हुई, सिर्फ उनको ढूंढ रहे थे, मुझे भी ढूंढ रहे थे, लेकिन उनके जाने के करीब आधे घंटे बाद ही सोशल मीडिया में न्यूज वायरल हुई कि लालचंद्र गुप्ता सांसद व सरपंच के बारे में विरोध की बात कर रहे हैं। इसके बाद मैने लालचंद्र गुप्त से मोबाइल पर बात भी किया कि भैया क्यों परेशान कर रहे हैं, जब तक आप भाजपा में थे तो सब कुछ ठीक था और अब यहां भ्रष्टाचार की बात करने लगे हैं, सरपंच पति ने कहा कि वो परेशान नहीं करते हैं इसी गांव का एक रमेश प्रजापति है जो मुझे परेशान कर रहा है, उस दिन रमेश प्रजापति ही लालचंद्र व मीडिया को यहां लेकर आया था। रमेश तो बीते कई वर्षों से मेरे व सरपंच के पीछे पड़ा है, कई बार झूठी शिकायतें कर चुका है। जिसके प्रमाण वह नहीं दे पाया है आज तक। उन्होंने कहा कि मेरा किसी अन्य महिला से किसी प्रकार का अवैध संबंध नहीं है, मेरे छोटे-छोटे बच्चे हैं, हमारी एक बच्ची शादी लायक है, विपक्ष कुछ भी बोल दे हम मानने को तैयार नहीं हैं। एक वर्ष पूर्व जब सरपंच ने जहर खाया था तो उसकी वजह भी गांव का रमेश प्रजापति ही है, क्योंकि वह लगातार झूठी शिकायत करता है, जिससे सरपंच परेशान थी। मैं जो भी पैसा कमाता था, वह थाना पुलिस में खर्च हो जाता था। घटना के दिन मैं सुबह आठ बजे तक घर पर ही था, इसके बाद गाय लगाया, सरपंच ने बच्ची को खाना बनाने के लिए बोला, इसके बाद मैं चौराहे तरफ चला गया, लौटकर आया तो बच्चों से पूंछा कि मम्मी कहां है तो बोले की अंदर सो रही है, उसकी तबियत भी कुछ खराब थी, जिसका इलाज मैने करवाया था, इसके बाद मैं अंदर जाकर देखा तो वह नहीं थी, कुछ ही देर बाद पता चला कि वह पेंड़ में फांसी पर लटकी हुई है।


रात में किया गया दाह संस्कार-
ग्रामीणों द्वारा बताया कि महिला सरपंच का मझौली से पीएम उपरांत करीब सात बजे गांव में लाया गया, इसके बाद आनन फानन में रात करीब 7.30 बजे उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। रात में महिला का अंतिम संस्कार करना भी गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है, क्योंकि हिंदू रीति रिवाज के अनुसार सूरज ढलने के बाद अंतिम संस्कार नहीं किया जाता।


पति के मोबाइल कॉल डिटेल निकाल रही पुलिस-
इस मामले में सरपंच पति का अन्य महिला से प्रेम प्रसंग की चर्चा गांव में होने से पुलिस पहले चरण में इसी के आधार पर मर्ग जांच शुरू की है। मझौली थाने के नगर निरीक्षक राघवेंद्र द्विवेदी ने बताया कि अभी परिजनों के बयान दर्ज नहीं किए गए हैं, फिलहाल मृतिका के पति के मोबाइल के काल डिटेल निकलवाए जा रहे हैं, जिसके आधार पर जांच की जाएगी।


भाजपाई सांत्वना देने पहुंचे मृतिका के घर-
करवाही सरपंच सविता साहू की मौत के बाद गुरूवार को सांसद रीती पाठक सहित अन्य भाजपाई मृतिका के घर पहुंचे जहां मृतिका के पति का ढाढ़स बंधाया गया।


कांग्रेस का पलटवार कहा, कारवाही सरपंच की आत्महत्या पर भाजपा कर रही घटिया सियासत-
करवाही सरपंच की आत्महत्या पर भाजपा द्वारा कांग्रेस नेताओं पर प्रताडऩा के आरोप पर कांग्रेस पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पलटवार किया है। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता प्रदीप सिंह दीपू ने जारी बयान में कहा है कि दुख की इस घड़ी में कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से पीडि़त परिवार के साथ है, और उसके प्रति कांग्रेस पार्टी की पूरी संवेदना है। लेकिन जिस तरह से भाजपा प्रत्याशी रीति पाठक शव पर सियासत कर रही हैं इसकी कांग्रेस पार्टी कड़े से कड़े शब्दों में निंदा करती है। उन्होंने कहा कि आदर्श ग्राम करवाही में सांसद रीती पाठक करोड़ों रुपए का घोटाला किया था। इसकी जानकारी मिलने के बाद मीडिया के साथ उनके कारनामे उजागर करने कांग्रेस नेता लालचंद के साथ मैं भी गया था, पूरी मीडिया के समक्ष कहीं भी सरपंच एवं सरपंच के पति का नाम नहीं आया और ना किसी प्रकार से कोई आरोप लगाया गया, पूरी चर्चा कैमरे के सामने हुई, कांग्रेस का सीधा आरोप सांसद रीती पाठक पर था कि उन्होंने जिस गांव को गोद लिया उसी गांव का खून चूसने में कोई कसर बाकी नहीं रखी, उनकी वास्तविकता उजागर होने के बाद जिस तरह से महिला सरपंच सविता साहू की लास संदिग्ध परिस्थिति में पेड़ से लटकी मिली है, उससे कांग्रेस पार्टी को शक है कि कहीं भाजपा के लोग अपना घोटाला एवं काले कारनामे छिपाने के लिए कोई षडय़ंत्र तो नहीं चला। क्योंकि कुछ दिन पहले एक ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें कथित रूप से सरपंच पति की आवाज बताई जा रही है, जिसमें वह कह रहा है कि कुछ लोग मेरे पीछे पड़े हैं, जब प्रश्न पंूछा गया कि कौन है तो जवाब आता है कि सांसद रीती पाठक के लोग आदर्श ग्राम में घोटाले के पैसे के लेन-देन में मेरे जान के पीछे पड़े हैं। उन्होंने कहा कि इसकी सच्चाई क्या है इसकी भी जांच होनी चाहिए। कांग्रेस प्रवक्ता प्रदीप सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस घटना की निष्पक्ष जांच की मांग करती है। और जल्द से जल्द इस घटना का खुलासा कर इसमें जो भी अपराधी हो उसको कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की भी मांग करती है।


:::::::::::::::::::
News Source :- https://www.patrika.com/sidhi-news/know-what-the-husband-said-on-the-death-of-the-sarpanch-4447575/
:::::::::::::::::::

Disclaimer:- This news is collected from third party source and we are not responsible for any dispute on this news.

All Rights Reserved To "Samay Savera" © Copyright Protected 2013 - 2024