🔥 शिकरा जंगल में पलटी बस,34 यात्री घायल,आधा दर्जन गंभीर 🔥

•••• तेज रफ़्तार में अनियंत्रित होने से हुआ हादसा ••••
••• जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल •••
सीधी। कुसमी से सीधी आ रही महाबली ट्रेवल्स बस क्रमांक एमपी-53-0447 आज सुबह करीब 9 बजे तेज रफ़्तार में अनियंत्रित होकर शिकरा के धुन्ने बन्ने जंगल में पलट गई। बस के पलटते ही यात्रियों की चीख पुकार सुनाई देने लगी। वहां से गुजर रहे अन्य वाहन सवारों द्वारा तत्परता पूर्वक बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया गया। साथ ही सड़क हादसे की सूचना पुलिस को भी दी गई। बड़े सड़क हादसे की सूचना मिलते ही घटना स्थल पर टिकरी,मड़वास एवं मझौली से पुलिसबल मौके पर पहुंच गया और घायलों को जिला अस्पताल भेजना शुरू किया गया। देर से 108 एम्बुलेंस के पहुंचने पर घायलों को डायल-100 एवं अन्य वाहनों से भी जिला अस्पताल भेजा गया। हादसे के वक्त बस में आधा सैकड़ा से ज्यादा यात्री सवार थे। जिनमें 40 यात्रियों के घायल होने पर उन्हे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है इनमें आधा दर्जन यात्रियों की हालत गंभीर बताई गई है। हादसे की जानकारी मिलते ही जिला अस्पताल में कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी,पुलिस अधीक्षक आरएस बेलबंशी,अपर कलेक्टर डीपी वर्मन,एएसपी सुश्री अंजुलता पटले,एसडीएम सुधीर बेक समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घायलों को त्वरित उपचार शुरू करने का निर्देश दिया। कई जनप्रतिनिधि भी जिला  अस्पताल पहुंचे जिनमें धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम भी शामिल थे। जिला अस्पताल के डाक्टरों एवं स्टाफ द्वारा सभी घायलों को तत्परता पूर्वक उपचार सेवाएं उपलब्ध कराई गई। घायलों के चोंटों पर टाकें एवं पट्टी लगाने के बाद उन्हे वार्डो में भर्ती किया गया है।

• 1 घण्टे देर से पहुँची एम्बुलेंस,कराहते चीखते रहे घायल •
यात्री बस पलटने से खून से लथपथ घायल कई घण्टे तक चीखते चिल्लाते एवं तड़पते रहे। बावजूद घटना के 1 से ड़ेढ घण्टे बाद काफी मशक्कत के बाद एम्बुलेंस वाहन पहुँचा हलाकि घायलों की यह हालत देखकर कई बस चालको ने खुद के वाहन में लिटाकर पुराने बस स्टैण्ड सीधी तक पहुंचाया। घायलों ने बताया कि घटना के कई घण्टे बाद 1 एम्बुलेंस ही घटना स्थल पर पहुंचा जिनमे महज आधे दर्जन घायल ही सवार हो पाए। ऐसे में कही न कही स्थानीय प्रशासन की भी गलती सामने आई जिसका खामियाजा घायलों को भुगतना पड़ा। समय पर वाहन के अभाव में चोंट लग जाने से खून के ज्यादा रिसाव हो जाने से कई घायल गंभीर की श्रेणी में आ गए है।

    










All Rights Reserved To "Samay Savera" © Copyright Protected 2013 - 2024