🔥 जमोंड़ी बाईपास में 5 घंटे मृतक के परिजनों ने किया चक्काजाम 🔥

•••• जमोंड़ी थाना पुलिस की कार्यवाही पर जताया रोष ••••
••• पुलिस छावनी में तब्दील रहा बाईपास मार्ग •••
सीधी। शहर के जमोंड़ी बाईपास मार्ग में आज 5 घंटे तक मृतक के परिजनों ने चक्काजाम करते हुए जमोंड़ी थाना पुलिस द्वारा की जा रही कार्यवाही पर अपना आक्रोश जताया। चक्काजाम की खबर मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। यहां तक कि अन्य थानों से भी पुलिस बल को बुलाया गया था। जिसके चलते चक्काजाम स्थल पुलिस छावनी में तब्दील रहा। मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं गोपद बनास के प्रभारी एसडीएम सुधीर बेग द्वारा मृतक के परिजनो को जल्द उचित कार्यवाही सुनिश्चित कराने का भरोसा लगातार दिया जाता रहा। लेकिन परिजन कुछ लोगों पर तत्काल हत्या का मामला पंजीबद्ध करने की मांग पर अड़े हुए थे। सुबह करीब 11 बजे से प्रारंभ हुआ चक्काजाम अपरान्ह्र करीब 4 बजे अधिकारियों की समझाइस के बाद गोपदबनास के प्रभारी एसडीएम सुधीर बेग को मृतक के परिजनों द्वारा ज्ञापन सौंपने के बाद समाप्त हुआ। इस दौरान बाईपास मार्ग में भारी वाहनों का तांता दोनो तरफ लगा हुआ था। दरासल जमोंड़ी थानांतर्गत अधिंयारखोह में 30 अक्टूबर 2019 को शराब सेवन के समय हुई घटना में गंभीर रूप से घायल नाबालिग बच्चे की रीवा में इलाज के दौरान लगभग चौदह घंटे बाद मौत हो गई थी। किन्तु आज दिनांक तक पुलिस के द्वारा उचित विधिक कार्यवाही नहीं करने का आरोप मृतक के परिजनों द्वारा लगाते हुए आज सुबह दस बजे से ही एकत्रित होकर 11 बजे से चक्का जाम कर सीधी-रीवा नेशनल हाइवे क्रमांक 39 के बाईपास मार्ग को बाधित कर दिया गया था।
•• एसपी कार्यालय के सामने लाश रखकर किया था प्रदर्शन •• 
घटना से नाराज परिजनों द्वारा शव को रीवा अस्पताल से लाकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामनें 31 अक्टूबर को रख कर धरना प्रदर्शन किया गया था। परिजनों की मांग रही कि शराब सेवन के समय गंभीर मारपीट में नाबालिग बंसत साकेत की जान गई थी। उक्त प्रकरण में जमोंड़ी थाना पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर जॉच की गई तो पता चला कि सबसे से पहले मदद हेतु आये चार सामान्य वर्ग के लोगों द्वारा पुलिस एवं घायलों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने का प्रयास किया गया था। इस पर मदद करने वालों पर ही अपराधिक मामला पंजीबद्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। 
• क्या है मामला • 
30 अक्टूबर 2019 को अधिंयारखोह में तीन बच्चों द्वारा छत में बैठ कर शाम के समय शराब का सेवन किया जा रहा था। तभी नाबालिग बसंत साकेत छत के नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल होने पर परिजनों द्वारा उपचार के लिये जिला चिकित्सालय लाया गया जहां हालत नाजुक देखते हुए रीवा रेफर किया गया जहां घटना के लगभग चौदह घंटे बाद रीवा में मौत हो गई थी। जिसके बाद शव सीधी लाकर प्रदर्शन किया गया जहा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री अंजुलता पटले द्वारा जारी अधिकारिक बयान में बताया गया था कि 30 अक्टूबर 2019 को तीन बच्चे छत पर बैठे हुए थें जिसमें एक बच्चा गिर गया और उसे उपचार हेतु अस्पताल लाया गया जहा उसकी मौत हो गई। 
•• इनका कहना है •• 
उक्त प्रकरण का मर्ग कायम कर जांच चल रही है। आवेदकों द्वारा मददगारों को ही मोहरा बना कर सत्यता की दिशा और दशा बदलने का प्रयास किया जा रहा है। 
--अभिषेक सिंह परिहार, जमोड़ी थाना प्रभारी


All Rights Reserved To "Samay Savera" © Copyright Protected 2013 - 2024