🔥 छुहिया घाटी में सड़क सुधार का कार्य शुरू 🔥

भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित
-----
दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों को वन-वे कॉन्वाय के रूप में दी जा रही अनुमति
------
रीवा-शहडोल मार्ग पर सीधी तथा रीवा जिले की सीमाओं में स्थित छुहिया घाटी में मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम द्वारा सुधार का कार्य शुरू कर दिया गया है। घाटी के चार खतरनाक मोड़ों पर एक साथ सड़क सुधार का कार्य किया जा रहा है। घाटी के कई कठिन मोड़ों में सड़क उखड़ गई है। मोड़ों में बड़े-बड़े गड्ढे तथा धूल है जिसके कारण वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया है। इन मोड़ों में सड़क को समतल करके तथा धूल हटाकर सुधार का कार्य किया जा रहा है।
सीधी तथा रीवा जिले के पुलिस विभाग के अधिकारी सड़क में सुधार कार्य की लगातार निगरानी कर रहे हैं। कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी तथा पुलिस अधीक्षक पंकज कुमावत ने रविवार को ही मौके पर पहुंचकर सड़क सुधार कार्य शुरू होने के पूर्व जायजा लिया था। कलेक्टर श्री चौधरी ने सड़क विकास निगम के अधिकारियों को सड़क सुधार के संबंध में आवश्यक निर्देश दिये। कलेक्टर सीधी तथा कलेक्टर रीवा द्वारा छुहिया घाटी में 23 फरवरी से 6 मार्च तक भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया गया है। जिससे घाटी के सुधार का कार्य सुचारू रूप से किया जा सके। दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों को वन-वे कॉन्वाय के रूप में अनुमति दी जा रही है।


All Rights Reserved To "Samay Savera" © Copyright Protected 2013 - 2024