सीधी। कार्यपालन अभियंता सीधी अलीम खान ने बताया है कि प्रदेश में स्थायी
घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं के लिये इंदिरा गृह ज्योति योजना प्रारंभ की गयी है। योजना के
हितग्राहियों को 100 यूनिट तक की खपत पर अधिकतम 100 रुपये का बिल दिया जायेगा। लेकिन
प्रचलित टैरिफ एवं विद्युत शुल्क जोडक़र 100 रुपये से कम बिल होने पर वास्तविक राशि ही
देय होगी। कार्यपालन अभियंता ने बताया कि सरल बिजली बिल स्कीम के सभी उपभोक्ता योजना
में शामिल होंगे। सरल बिजली बिल के प्राप्त/लंबित पात्र आवेदन भी इस योजना में मान्य होंगे।
योजना 25 फरवरी एवं इसके बाद प्रारंभ होने वाले आगामी बिलिंग चक्र से लागू होगी।
हितग्राहियों के बिल की गणना विद्युत नियामक आयोग के टैरिफ अनुसार की जायेगी।
ग्रामीण क्षेत्र में 500 वॉट तक के संयोजित भार वाले अनमीटर्ड उपभोक्ताओं के लिये
आयोग द्वारा टैरिफ आदेश में निर्धारित दर से बिलिंग की जायेगी। शहरी क्षेत्रों में
मीटर के आधार पर ही बिलिंग होगी। कार्यपालन अभियंता ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं
के परिसर में पूर्व में मीटर स्थापित थे वहां मीटर खराब होने पर विगत 3 माह की औसत खपत
100 यूनिट से कम होने पर तदनुसार मान्य की जाएगी। औसत खपत 100 यूनिट से अधिक होने पर
बिलिंग की सीमा 100 यूनिट होगी। खराब मीटर को बदलने की कार्यवाही शीघ्र की
जायेगी। योजना में पूर्ववत् मात्र 1000 वॉट तक के संयोजित भार वाले उपभोक्ता शामिल
होंगे। एयर कंडीशन एवं हीटर का उपयोग करने वाले उपभोक्ता पात्र नहीं होंगे।
अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति के गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन कर रहे घरेलू
सरल उपभोक्ताओं को इंदिरा गृह ज्योति योजना का लाभ मिलेगा तथा वर्तमान में प्राप्त होने
वाली ऊर्जा प्रभार व ईधन प्रभार की छूट भी जारी रहेगी।
1 अप्रैल से लागू होगी इंदिरा किसान ज्योति योजनाकार्यपालन अभियंता सीधी ने
बताया है कि किसानों का बिजली बिल हाफ की पूर्ति अंतर्गत इंदिरा किसान ज्योति योजना लागू
कर 10 हार्स पावर तक के कृषि उपभोक्ताओं को आधी दर पर बिजली दी जायेगी। योजना के
जरिये अब 44 पैसे प्रति यूनिट की दर पर सिंचाई के लिए बिजली मिलेगी। अभी 88 पैसे प्रति
यूनिट बिजली मिलती है। श्री सिंह ने बताया कि अप्रैल 2019 से योजना लागू होने पर विद्युत
आपूर्ति नई व्यवस्था से सुनिश्चित हो जायेगी। उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति और
अनुसूचित जनजाति को एक हेक्टेयर तक की भूमि वाले 5 हार्स पावर तक अंत्योदय परिवार को
पहले की तरह बिजली बिल में पूरी छूट मिलेगी।
