जानिए अपने त्यौहार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के बारे में ।

जन्माष्टमी अर्थात कृष्ण जन्मोत्सव इस वर्ष जन्माष्टमी का त्यौहार 23 अगस्त एवं 24 अगस्त को मनाया जाएगा। जन्माष्टमी जिसके आगमन से पहले ही उसकी तैयारियां जोर-शोर से आरंभ हो जाती हैं। पूरे भारत वर्ष में इस त्यौहार का उत्साह देखने योग्य होता है। चारों ओर का वातावरण भगवान श्रीकृष्ण के रंग में डूबा हुआ होता है। जन्माष्टमी पूर्ण आस्था एवं श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। पौराणिक धर्म ग्रंथों के अनुसार भगवान विष्णु ने पृथ्वी को पापियों से मुक्त करने हेतु कृष्ण रूप में अवतार लिया, भाद्रपद माह की कृष्ण पक्ष की अष्टमी को मध्यरात्रि को रोहिणी नक्षत्र में देवकी और वासुदेव के पुत्ररूप में श्रीकृष्ण का जन्म हुआ था। जन्माष्टमी को स्मार्त और वैष्णव संप्रदाय के लोग अपने अनुसार अलग-अलग ढंग से मनाते हैं।

श्रीमदभागवत को प्रमाण मानकर स्मार्त संप्रदाय के मानने वाले चंद्रोदय व्यापनी अष्टमी अर्थात रोहिणी नक्षत्र में जन्माष्टमी मनाते हैं तथा वैष्णव मानने वाले उदयकाल व्यापनी अष्टमी एवं उदयकाल रोहिणी नक्षत्र को जन्माष्टमी का त्योहार मनाते हैं।

जन्माष्टमी के विभिन्न रंग रूप- यह त्यौहार विभिन्न रूपों में मनाया जाता है। कहीं रंगों की होली होती है तो कहीं फूलों और इत्र की सुगंध का उत्सव होता है तो कहीं दही हांडी फोड़ने का जोश और कहीं इस मौके पर भगवान कृष्ण के जीवन की मोहक छवियां देखने को मिलती हैं। मंदिरों को विशेष रूप से सजाया जाता है। भक्त इस अवसर पर व्रत एवं उपवास का पालन करते हैं। इस दिन मंदिरों में झांकियां सजाई जाती हैं भगवान कृष्ण को झूला झुलाया जाता है तथा कृष्ण रासलीलाओं का आयोजन होता है।

जन्माष्टमी के शुभ अवसर के समय भगवान कृष्ण के दर्शनों के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु मथुरा पहुंचते हैं। मंदिरों को खास तौर पर सजाया जाता है। मथुरा के सभी मंदिरों को रंग-बिरंगी लाइटों व फूलों से सजाया जाता है। मथुरा में जन्माष्टमी पर आयोजित होने वाले श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को देखने के लिए देश से ही नहीं बल्कि विदेशों से लाखों की संख्या में कृष्ण भक्त पंहुचते हैं। भगवान के विग्रह पर हल्दी, दही, घी, तेल, गुलाबजल, मक्खन, केसर, कपूर आदि चढ़ाकर लोग उसका एक दूसरे पर छिड़काव करते है। इस दिन मंदिरों में झांकियां सजाई जाती हैं तथा भगवान कृष्ण को झूला झुलाया जाता है और रासलीला का आयोजन किया जाता है।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 2019











All Rights Reserved To "Samay Savera" © Copyright Protected 2013 - 2024