••• चुरहट एवं रीवा में भर्ती कराये गए घायल •••
सीधी। चुरहट थाना के कपुरी गांव के अंधे मोड़ में आज सुबह करीब 8 बजे बल्कर एवं बस की आमने-सामने से हुई भिड़ंत में बस में सवार 9 यात्री घायल हो गए। गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त दोनो वाहनों की रफ्तार ज्यादा नही थी, अन्यथा बड़ा हादसा घटित हो सकता था। हादसे की सूचना पाने पर मौके पर चुरहट एसडीएम राजेश मेहता एवं चुरहट थाना पुलिस पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चुरहट पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों को गहरी चोंटे आने के कारण उन्हे मेडिकल कालेज अस्पताल रीवा के लिए रेफर कर दिया गया। अन्य सात घायलों का उपचार चुरहट अस्पताल में ही किया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार रोजाना की तरह आज भी कृष्णा ट्रेवल्स क्रमांक एमपी-17 पी 5151 यात्रियों को लेकर सीधी से करीब 7 बजे रवाना हुई। चुरहट से आगे कपुरी मोड़ में बस के पहुंचने पर सामने से आ रहे बल्कर से उसकी भिडंत हो गई। दुर्घटना होते ही बस में सवार यात्रियों की चीख पुकार सुनाई देने लगी वहां से गुजर रहे वाहनों के सवार एवं समीपी ग्रामीणों द्वारा तत्परता पूर्वक मौके पर पहुंच कर सभी घायलों को बस से नीचे उतारा गया। बस मे आगे सवार यात्रियों को इस हादसे में चोंटे आई है। जबकि बीच एवं पीछे बैठे यात्री हादसे में पूरी तरह से सुरक्षित रहे।


