••• चालक एवं खलासी की मौत •••
सीधी। अमिलिया थाना अंतर्गत बहरी-हनुमना मार्ग में स्थित कैमोर पहाड़ में सड़क हादसों का दौर थमने का नाम नही ले रहा है। खूनी सड़क हादसे में लोगों की जाने लगातार जा रही हैं। कैमोर पहाड़ में हादसों का दौर जारी रहने से यह खूनी पहाड़ के नाम से भी लोगों के बीच चर्चित हो रहा है। इसी क्रम में आज सुबह हनुमना की ओर से रेत परिवहन में लगा हाईवा क्रमांक यूपी 70 एटी 1657 बहरी की ओर तेज रफ़्तार में जा रहा था। अचानक कैमोर पहाड़ में अनियंत्रित होकर करीब 100 फिट नीचे जा गिरा। इस सड़क हादसे में हाईवा के खलासी की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल चालक ने अस्पताल पहुंचने से पूर्व ही दम तोड़ दिया। मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त हाईवा आज सुबह करीब 11 बजे हनुमना की ओर से बहरी के समीप स्थित वारपान रेत खदान में रेत लोडिंग के लिये आ रहा था। कैमोर पहाड़ में हाईवा के अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे करीब 100 फिट नीचे खाई में गिर जाने से वहां से गुजर रहे लोग भी हतप्रभ रह गये। हादसे के बाद वहां से गुजरने वाले वाहनों के पहिये थम गये। लोगों ने खाई में उतरकर देखा तो खलासी देवेंद्र सिंह पिता हीरालाल सिंह उम्र 28 वर्ष निवासी कोरांव की घटना स्थल पर ही मौत हो चुकी थी जबकि चालक धाकड़ सिंह पिता रामसजीवन सिंह उम्र 55 वर्ष निवासी ग्राम कोराव गंभीर रूप से घायल था। हादसे की सूचना डायल 100 एवं एम्बुलेंस 108 को दी गई। जिसके बाद घटना स्थल पर ही एम्बुलेंस 108 पहुंची और गंभीर रूप से घायल धाकड़ सिंह को समीपी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र अमिलिया पहुंचाया जा रहा था लेकिन उसने अस्पताल पहुंचने के पूर्व ही दम तोड़ दिया। इस हादसे का मुख्य कारण एक टीपी पर वाहनों द्वारा कई चक्कर लगाने के फेर में काफी तेज रफ़्तार में चलते हैं जिसके चलते यह सड़क हादसा घटित होना माना जा रहा हेै। रेत परिवहन में लगा एक हाईवा करीब एक पखवाड़े पूर्व ही कैमोर पहाड़ में अनियंत्रित होकर पलट गया था। उस हादसे में भी चालक एवं खलासी गंभीर रूप से घायल हो गये थे।


